भोपाल: मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। बंगाल की खाड़ी से एक्टिव हुए सिस्टम का असर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सीधी, मऊगंज और डिंडोरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है।इसके अलावा सतना, पन्ना, दमोह, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 17, 18 और 19 अगस्त को भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ जिलों में भी तेज बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 से 21 अगस्त के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।प्रदेश में अब तक करीब 544.4 मिलीमीटर यानी 21.4 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य औसत बारिश 618.8 मिलीमीटर यानी 24.4 इंच से करीब 3 इंच कम है। वहीं प्रदेश के 43 जिलों में सामान्य से 2 से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में औसत से करीब 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। वहीं पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में औसत से 1 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
दूसरी तरफ भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
