माखन नगर। रुक्मणी देवी राव पारमार्थिक न्यास एवं आकांक्षा परिवार द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 शिक्षकों, 8 साहित्यकारों तथा 8 पत्रकारों एवं समाजसेवियों सहित कुल 30 विभूतियों को सम्मानित किया गया। श्री माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में आयोजित समारोह में अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तित्वों के योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। माखन नगर। रुक्मणी देवी राव पारमार्थिक न्यास के सम्मान समारोह का आयोजन आकांक्षा परिवार द्वारा रविवार को श्री माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में किया गया। समारोह में दस शिक्षकों, आठ साहित्यकारों तथा आठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि अशोक जमनानी तथा विशेष अतिथि समाजसेवी श्रीमती नंदा मिलन डेरिया रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं पंडित माखनलाल चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। आकांक्षा परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया। स्वागत गीत कुसुम परसाई ने प्रस्तुत किया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. विकास दवे ने वर्तमान परिवेश में शिक्षक, पत्रकार और समाजसेवी की भूमिका को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि अशोक जमनानी ने साहित्य और समाज के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। विशेष अतिथि श्रीमती नंदा मिलन डेरिया ने आकांक्षा परिवार के गठन से लेकर उसके विस्तार तक की यात्रा का उल्लेख किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र सिंघई सहित आठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। वहीं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए बाबूलाल कदम सहित आठ साहित्यकारों तथा शिक्षक क्षेत्र में सेवाएं देने वाले महेश वर्मा, राजेंद्र दीवान, श्रीमती अर्चना मिश्रा, जगदीश निर्मल सहित दस शिक्षकों को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र भेंट किए गए।
समारोह में स्वर्गीय श्रीमती रुक्मणी देवी के योगदान को भी स्मरण किया गया
नगर बस स्टैंड का स्थान कभी बाल मंदिर प्रांगण हुआ करता था, जहां श्रीमती रुक्मणी देवी ने शिक्षिका के रूप में नन्हे-मुन्ने बच्चों को शिक्षा प्रदान की थी। उन्होंने लगभग 19 वर्षों तक माखन नगर में शिक्षिका के रूप में अपनी सेवाएं दीं। स्वर्गीय रुक्मणी देवी के पुत्र अखिलेश राव ने पढ़ाई के दौरान अपने कुछ मित्रों के साथ करीब 30 वर्ष पूर्व आकांक्षा परिवार संस्था का गठन रचनात्मक, धार्मिक एवं साहित्यिक आयोजनों के उद्देश्य से किया था। वर्तमान में रुक्मिणी देवी राव परमार्थिक न्यास संस्था अध्यक्ष अखिलेश राव इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं और साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। संस्था अध्यक्ष अखिलेश राव ने समारोह में उपस्थित माखन नगर के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्प सूचना के बावजूद नागरिकों ने अपना अमूल्य समय देकर कार्यक्रम में सहभागिता की और सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन संतोष जोशी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीता चौबे, समाजसेवी अजीत सेठी, पत्रकार राजेंद्र ठाकुर, शैलेंद्र कौरव, उमेश तिवारी, आदेश शर्मा, कवयित्री कीर्ति वर्मा, साहित्यकार सुरेंद्र पुरोहित, महेश सोनी, समाजसेवी सुषमा गुप्ता, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मिलन डेरिया, कुलदीप मिश्रा, लायंस क्लब अध्यक्ष राजेश मीणा, अमित गोलछा सहित नगर के साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह प्रतिवर्ष आयोजित होते रहना चाहिए।
