
छतरपुर। बागेश्वर धाम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान शनिवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। धाम परिसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरी तरह गुलजार रहा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
धाम में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं पूज्य सरकार द्वारा सैकड़ों श्रद्धालुओं को बागेश्वर बालाजी का गुरु मंत्र भी प्रदान किया जा रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इन आयोजनों में शामिल हो रहे हैं।
अन्नपूर्णा भंडारा, बागेश्वर बालाजी मंदिर, परिक्रमा मार्ग, दिव्य दरबार स्थल और प्रमुख मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक और प्रशासन लगातार सक्रिय रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
30 जुलाई तक चलने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना है, जिससे महोत्सव और अधिक भव्य होने की उम्मीद है।
