
भिंड। दंदरौआ धाम पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव ने यहां पर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने की घोषणा की। मेहगांव में युवाओं के लिए एक आधुनिक स्टेडियम बनेगा। गोहद से दंदरौआ धाम तक डबल रोड का निर्माण किया जाएगा। रतनगढ़ माता सिंचाई परियोजना पूरी होगी। भारौली को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि दंदरौआ धाम एक अद्भुत एवं अलौकिक स्थान है। ऐसा स्थल मैंने आज तक न केवल देश में, बल्कि पूरे विश्व में कहीं और नहीं देखा।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से कहा कि यहां स्वयं डॉ. हनुमान जी विराजमान हैं। उनकी कृपा मात्र से गंभीर से गंभीर रोग, जैसे कैंसर भी, केवल मंगलवार और शनिवार को दर्शन करने से ठीक हो जाते हैं। यह आस्था और श्रद्धा का चमत्कार है। जिस व्यक्ति की जितनी अधिक श्रद्धा और आस्था होगी, उसे उतनी ही जल्दी लाभ प्राप्त होगा।
*मंदिर पहुंचकर भगवान का पूजन कर आशीर्वाद लिया*
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल, बुंदेलखंड और ब्रज अंचल भगवान श्रीकृष्ण की धरती है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कर करोड़ों हिंदुओं के सपने को साकार किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, जो लोग पहले मंदिर बनने पर सवाल करते थे, अब कह रहे हैं कि वे भी चाहते थे मंदिर बने। यदि ऐसा है, तो अब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया है और भारतीय जनता पार्टी उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल अंचल के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जब बात चंबल के विकास की होती है, तो प्रदेश सरकार का खजाना आपके लिए खुला हुआ है।
सांसद सांसद संध्या राय ने मंच से कहा देश की महिलाएं पीएम के नेतृत्व में प्रदेश सीएम के नेतृत्व में सशक्त हो रही हैं। पासपोर्ट अब भिंड में बनने लगा है। कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि सोलर पंप के लिए पोर्टल का शुभारंभ हुआ है। इस योजना से किसानों को बिजली के संकट से निजात मिलेगी। उन्होंने किसानों से कहा मुख्यमंत्री ने जिस भूमि का पूजन व लोकार्पण किया है। इससे क्षेत्र का निश्चित तौर पर विकास होगा। उन्होंने कहा कि सीएम द्वारा यहां हनुमान लोक बनाए जाने की घोषणा की जाए।
