इंदौर: लोकसभा में महिला विधेयक को लेकर नगर निगम द्वारा आभार प्रस्ताव पारित करने की योजना धरी रह गई. विधेयक पारित नहीं होने के बाद नगर निगम परिषद बैठक निंदा प्रस्ताव में बदल गई. नगर निगम के विशेष सत्र में जमकर हंगामा हुआ. भाजपा के सभी पार्षद खासकर महिला और महापौर विरोध के चलते काले कपड़े पहनकर परिषद पहुंचे.नगर निगम परिषद और पूरी भाजपा नारी शक्ति वंदन अभियान यानि महिला विधेयक बिल को संसद में पास होने के लिए अति आत्मविश्वास से भरी हुई थी.
इसके लिए पूरे देश में भाजपा ने खासकर भाजपा शासित राज्यों में धन्यवाद प्रस्ताव और जश्न की बड़ी तैयारियां की थी, मगर कल संसद में बिल दो तिहाई बहुमत नहीं मिलने से गिर गया. महिला विधेयक बिल पारित नहीं हुआ. नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर नगर निगम द्वारा आज निगम परिषद की विशेष बैठक रखी गई थी. बैठक का एकमात्र एजेंडा सिर्फ महिला विधायक पास होने पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आभार और धन्यवाद प्रस्ताव पारित करना था.
चूंकि संसद ने बिल पास नहीं हुआ तो निगम परिषद की घोषित बैठक को निरस्त करने की बजाय निंदा प्रस्ताव पारित करने की योजना बनाई गई. आज निगम परिषद के बैठक में भाजपा के अधिकांश महिला पार्षद काली साड़ी और काले कपड़ों में भाग लेने पहुंची. महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी काले कपड़ों में ही निगम परिषद बैठक में भाग लेने पहुंचे. सभी ने परिषद हॉल में जमकर नारेबाजी की और भाजपा की जय जयकार की. इसके बाद सदन में कांग्रेस के खिलाफ महिला बिल पारित नहीं होने देने ठीकरा फोड़ते हुए निंदा प्रस्ताव रखा गया, जिसे बहुमत के आधार पर पारित कर दिया गया.
बीजेपी महिला पार्षदों ने हॉल के बाहर किया प्रदर्शन
बीजेपी महिला पार्षदों ने निगम परिषद हॉल के बाहर काली साड़ी में महिला विधेयक बिल गिर जाने के विरोध में कांग्रेस और विपक्ष पार्टियों के खिलाफ नारे बाजी की. कांग्रेस को महिला विरोधी पार्टी साबित करने को लेकर नारे लगाए और भाजपा की जय की.
कांग्रेस मुस्लिम पार्षद द्वारा परिषद का बहिष्कार
परिषद के बैठक में कांग्रेस के सिर्फ 7 पार्षद शामिल हुए. परिषद की बैठक में फौजिया शेख, रुबीना खान सहित अन्य मुस्लिम महिला पार्षद ने भाग नहीं लिया. बताया जा रहा है कि चिंटू चौकसे और कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम पर मुस्लिम महिला पार्षदों का साथ नहीं दिया गया था. इसको लेकर आज सभी मुस्लिम महिला पार्षद सदन में अनुपस्थित रही.
इंदौर नगर निगम के विशेष सत्र में हंगामा
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे सहित अन्य महिला पार्षदों ने बोला- जिसने अपनी पत्नी को अधिकार नहीं दिया,वो देश की महिलाओं के अधिकार का ठेका ले रहा है. कांग्रेस पार्षदों के इस बयान पर जमकर हंगामा हुआ. सभापति ने इस बयान को रिकॉर्ड से हटवाया. इंदौर नगर निगम में महिला आरक्षण के मुद्दे पर यह विशेष सत्र आहूत किया था
