भरतपुर, 22 (वार्ता) राजस्थान में धौलपुर के सरमथुरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक कार के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने से एक बच्चे की मौत हो गयी जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के कुछ लोग कार से केलादेवी माता के दर्शन करने के लिए करौली जा रहे थे। तड़के बथुआ खो सीमा के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इससे देवेंद्र (पांच) की मौत हो गयी जबकि 10 लोग घायल हो गये। घायलों को करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर रूप से घायल एक युवक को जयपुर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शव करौली के अस्पताल के शवगृ़ह में रखवा दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
