पिकनिक मनाने आए चार युवा सोन नदी में डूबे

– सोन नदी में नहाते समय गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

– रेस्क्यू में एक युवती का शव बरामद, अन्य की सर्चिंग

सीधी। जिले के भंवरसेन घाट पर पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां सोन नदी में नहाते समय डूब गए। रेस्क्यू अभियान में एक युवती का शव बरामद हुआ है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। घटना से परिजनों में मातम पसरा है। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मैहर जिले से परिवार और रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां नदी में नहाते समय गहरे पानी और भंवर की चपेट में आकर डूब गए। देखते ही देखते चारों नदी में समा गए, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार गूंज उठी।

मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस और खड्डी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू टीम को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। तलाशी अभियान के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला। शव की पहचान ज्योति सेन 24 निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर जिला मैहर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस और बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। आशंका है कि सभी लोग नदी के गहरे भंवर में फंस गए थे, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

बाक्स

इनकी तलाश के लिए सर्चिंग जारी

हादसे में लापता लोगों में सुभी सेन पिता रामदयाल सेन 15 वर्ष निवासी बूढ़ा बाउर जिला मैहर, नीलू बैस पिता लल्लू बैस 22 वर्ष निवासी बूढ़ा बाउर जिला मैहर तथा लखन केवट पिता मोहनलाल केवट 26 वर्ष निवासी घोगटपुर जिला राजगढ़ शामिल हैं। भंवरसेन घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पिकनिक और स्नान के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नदी के गहरे भंवर और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र बेहद खतरनाक माना जाता है। इस हादसे ने एक बार फिर बिना सुरक्षा इंतजाम के नदी में उतरने के जोखिम को उजागर कर दिया है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता तीनों की तलाश की जा रही है।

०००००००००

Next Post

13 साल की स्वरा जाधव ने टी 20 मुंबई महिला लीग में जीता पर्पल कैप

Mon Jun 15 , 2026
मुंबई, 15 जून (वार्ता) सोबो मुंबई फाल्कन्स की 13 साल की उभरती हुई क्रिकेटर स्वरा जाधव ने पहले टी20 मुंबई महिला लीग में पर्पल कैप जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुईं स्वरा ने 10 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे […]

You May Like