सतना: जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत झांझर गांव के निकट शुक्रवार की दोपहर हुई सडक़ दुर्घटना में जहां बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई वहीं तीसरा युवक गंभीर तौर पर घायल हो गया. घायल का उपचार अस्पताल में जारी है. दुर्घटना अज्ञात वाहन द्वारा बाइक को टक्कर मारने के चलते होना बताया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सिजहटा गांव के निवासी 3 युवक किसी कार्य की वजह से रीवा गए थे.
बाइक पर सवार होकर तीनों युवक रीवा से लौटने के दौरान जैसे ही झांझर गांव के निकट पहुंचे वैसे ही किसी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे. इस घटना के चलते जहां बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं तीसरा युवक गंभीर तौर पर घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर 18 वर्षीय करन कोल सहित एक अन्य युवक को जांच करने पर मृत घोषित कर दिया गया. जबकि गंभीर तौर पर घायल 25 वर्षीय अमित रावत को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. वहीं घटना को देखते हुए रामपुर बघेलान पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी गई है.
