कैमरून में 92 साल के पॉल बिया आठवीं बार चुने गए राष्ट्रपति, 43 साल से थाम रखी है देश की बागडोर

याओन्दे, 27 अक्टूबर (वार्ता) कैमरून के राष्ट्रपति पॉल बिया को देश का फिर से राष्ट्रपति चुना गया है। सोमवार को संवैधानिक परिषद ने घोषणा की कि 92 वर्षीय बिया ने 53.66 प्रतिशत वोट हासिल कर आठवीं बार विजय हासिल की है।

श्री बिया के मुख्य प्रतिद्वंदी ईसा त्चिरोमा बाकारी को 35.19 प्रतिशत वोट मिले। कुल 46 लाख मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल पंजीकृत मतदाताओं का 57.76 प्रतिशत रहा। हालांकि यह 2018 की तुलना में थोड़ा अधिक है।

संवैधानिक परिषद के अध्यक्ष क्लेमेंट आतंगाना ने परिणाम घोषित करते हुए कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष रहा। कैमरून पीपुल्स डेमोक्रेटिक मूवमेंट के नेता बिया, अब अगले सात वर्षों के लिए पद पर बने रहेंगे।

विपक्ष ने हालांकि चुनाव परिणामों को चुनौती दी है। पूर्व मंत्री और सरकारी प्रवक्ता रह चुके श्री बाकारी ने परिणाम आने से पहले ही खुद की जीत का दावा किया था। परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने फेसबुक पर आरोप लगाया कि सुरक्षा बल उनके घर के बाहर प्रदर्शनकारियों पर गोली चला रहे हैं। देश के कुछ इलाकों में तनाव फैला हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले सप्ताह से जारी प्रदर्शनों में कई शहरों में झड़पें हुई हैं और कम से कम 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। कई लोग कह रहे हैं कि परिणाम पहले से अनुमानित थे और श्री बिया की जीत की संभावना पहले से ही अधिक थी।

श्री बिया 1982 से सत्ता में हैं और 43 वर्षों से देश पर शासन कर रहे हैं। उनका नया सात वर्षीय कार्यकाल उन्हें लगभग 100 वर्ष की आयु तक सत्ता में बनाए रख सकता है।

संविधान के अनुसार, नए राष्ट्रपति को परिणामों की आधिकारिक घोषणा के 15 दिनों के भीतर शपथ ग्रहण करनी होगी। यह समारोह संसद, संवैधानिक परिषद और सर्वोच्च न्यायालय के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।

 

Next Post

ईदगाह हिल्स पर चेकिंग के दौरान शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, लोहे की छूरी बरामद

Mon Oct 27 , 2025
भोपाल। शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. आरोप ने थाना मिसरोद में वाहन चोरी की वारदात की थी. संदेही की तलाशी लेने पर उसके पास से लोहे की छूरी भी बरामद की गई. आरोपी से पुलिस की पूछताछ भी जारी है. पुलिस से मिली […]

You May Like