आरक्षक से मारपीट के आरोपियों का निकाला जुलूस, मुख्य बाजार में लगवाई उठक-बैठक

राजगढ़: गणेश उत्सव की ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को नगर के मुख्य बाजार से पैदल जुलूस के रूप में निकाला। इस दौरान आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई गई।पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात किला गेट क्षेत्र की है। प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा गणेश उत्सव के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाते हुए बाजार से निकले। प्रधान आरक्षक ने उन्हें बाजार में तेज गति से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी।
आरोप है कि कुछ देर बाद युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर एकजुट होकर वापस आए और प्रधान आरक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। प्रधान आरक्षक ने अपनी शिकायत में जेब में रखे पांच हजार रुपए, पर्स में रखे एक हजार रुपए तथा दस्तावेज भी ले जाने का आरोप लगाया है।
प्रधान आरक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारत तंवर, अनार सिंह तंवर, ललित तंवर, कालू तंवर, राकेश तंवर, राजेश तंवर और धर्मेंद्र तंवर, सभी निवासी झंझारपुर, के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, लूट, गाली-गलौज, मारपीट, धमकी सहित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा रविवार को आरोपियों का मुख्य बाजार में जुलूस निकाले जाने और उठक-बैठक लगवाने की कार्रवाई चर्चा का विषय रही।
बदमाशों के हौसले बुलंद
नगर में आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और बदसलूकी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई मामलों में बदमाशों द्वारा आम नागरिकों के साथ दबंगई किए जाने की शिकायतें भी रहती हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से लोगों में कानून का भय और सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है। जिस तरह पुलिसकर्मी के साथ हुई घटना में त्वरित कार्रवाई की गई, उसी तरह आम लोगों के साथ होने वाली घटनाओं में भी प्रभावी कार्रवाई हो तो कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
सहकर्मी आरक्षक के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंजू मखोनिया, टीआई, कोतवाली राजगढ़

Next Post

UGC संशोधन के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन, रोलबैक की मांग

Sun Sep 20 , 2026
राजगढ़। UGC में किए गए संशोधन के विरोध और उसे वापस लेने की मांग को लेकर रविवार को समस्त सवर्ण समाज संगठनों के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। नाका नंबर-3 स्थित मंगल भवन में दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में समाजजन एकत्रित हुए। यहां […]

You May Like