तुर्कमान गेट के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई पत्थरबाज़ी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण : सूद

नयी दिल्ली 07 जनवरी (वार्ता) दिल्ली के गृह मंत्री श्री आशीष सूद ने कहा कि तुर्कमान गेट स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई पत्थरबाज़ी की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री सूद ने आज यहां एक बयान जारी कर कहा कि मस्जिद के इर्द-गिर्द कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठान अवैध रूप से बने थे और इनके खिलाफ न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में कार्रवाई की जा रही है। कानूनी दायरे में रह कर चल रहे काम को रोकना या उसमें बाधा डालना पूरी तरह गलत है। इस कार्रवाई के विरोध में कुछ आपराधिक और शरारती तत्वों के प्रदर्शन और हिंसा की गई। यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध कानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है। अब तक इस मामले में पाँच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि वह सभी से स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित है।यह कार्रवाई केवल उन अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर हो रही है, जो अदालत के आदेश के दायरे में आते हैं। इसमें सरकार की कोई मनमानी या दुर्भावना नहीं है।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे किसी भी प्रकार के उकसावे में न आएँ। जो लोग उकसावे में आकर कानून हाथ में लेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वह सभी अमन-पसंद लोगों से आग्रह करते हैं कि वे ऐसे शरारती तत्वों की पहचान करने में प्रशासन का सहयोग करें और आपसी सौहार्द व शांति बनाए रखें। उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम ने बुधवार तड़के दिल्ली के रामलीला मैदान के पास, तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान हुए पथराव में पाँच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Next Post

सेंट्रल दिल्ली में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हिंसा भड़की, पांच पुलिसकर्मी घायल

Wed Jan 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 जनवरी (वार्ता) दिल्ली के रामलीला मैदान के पास बुधवार तड़के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान स्थानीय लोगों के पथराव करने से पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गये। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में रामलीला मैदान के पास […]

You May Like