सतना: शहर की बिरला कॉलोनी में शनिवार तड़के एक पूर्व भाजपा पार्षद के बेटे पर जानलेवा हमला हुआ। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर विशाल यादव को चाकुओं से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घायल का उपचार अस्पताल में जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 3 बजे हुई। पूर्व पार्षद के.एल. यादव अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के कुंडा प्रतापगढ़ गए हुए थे।
उनके बेटे विशाल यादव घर में अकेले थे। गर्मी के कारण दरवाजा खुला रखकर सो रहे थे। इसी दौरान 7-8 युवक घर के अंदर घुस आए और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने विशाल यादव की गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकुओं से कई वार किए। हमले के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर मौके से भाग निकले। घायल विशाल पूरी रात घर में पड़े रहे।
सुबह हुई पड़ोसियों को जानकारी
सुबह जब आसपास के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो उन्होंने विशाल को खून से लथपथ हालत में देखा। पड़ोसियों और दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। विशाल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रीवा रेफर कर दिया गया। हालांकि, दोस्तों ने उसे शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है । परिजनों के सतना पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
