कोटा, 14 जून (वार्ता) राजस्थान में राज्य के 944 बीएड कालेजों में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) द्वारा आयोजित पीटीईटी-2026 की प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गयी।
परीक्षा के मुख्य समन्वयक प्रोफेसर बीएल वर्मा ने बताया कि परीक्षा में कुल एक लाख 26 हजार 600 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें एक लाख सात हजार 575 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। परीक्षा में कुल 84.97 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए। राज्य के कुल 41 जिलों में 300 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे।
प्रोफेसर वर्मा ने बताया कि जयपुर स्थित वीएमओयू के क्षेत्रीय केन्द्र पर नियंत्रण केंद्र बनाया गया था जहां से राज्य के संवेदनशील केन्द्रों की कड़ी निगरानी की गई। कहीं से किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं मिली। नियंत्रण केंद्र से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) साफ्टवेयर के जरिए केन्द्रों की स्थितियों का जायजा लिया गया।
उन्होंने बताया कि अब जल्द ही परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा और उसके बाद काउंसलिंग शुरू हो जाएगी। जुलाई से बीएड का शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो जाएगा। और छात्रों की सुविधा के लिए पीटीईटी पोर्टल पर सभी प्रश्न पत्रों को अपलोड कर दिया गया है।
