
सिंगरौली। राख परिवहन की अव्यवस्थित व्यवस्था ने विंध्यनगर-तेलगवां मार्ग पर आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। एनटीपीसी विंध्याचल गेट एवं विंध्यनगर डिपो से मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा स्थित ग्राम तेलगवां तक राख लेकर जाने वाले वाहनों के कारण बीती रात से भीषण जाम लगा हुआ है। इससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जाम में स्कूली बच्चे, कर्मचारी, व्यापारी और मरीज तक फंस रहे हैं। लोगों का कीमती समय बर्बाद होने के साथ दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बन गया है।
समस्या को लेकर एनटीपीसी प्रबंधन से जिला प्रशासन के समक्ष तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि जाम से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के साथ राख परिवहन करने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए यातायात की ठोस व्यवस्था बनाई जाए और संबंधित विभागों एवं परिवहन एजेंसियों की जिम्मेदारी तय हो, ताकि आम नागरिकों को बार-बार जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
