
बांदकपुर/दमोह। श्री देव जागेश्वर नाथ जी मंदिर परिसर में फिल्मी गीत पर नृत्य करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले को मंदिर ट्रस्ट ने गंभीरता से लिया है। मंदिर ट्रस्ट के मंत्री पंकज हर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि मंदिर आस्था, श्रद्धा व सनातन संस्कृति का पवित्र केंद्र है, इसलिए इसकी गरिमा और मर्यादा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के विपरीत गतिविधियां करना तथा उनका प्रचार-प्रसार करना अनुचित है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य किया जाता है, तो मंदिर ट्रस्ट उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई करेगा।
मंत्री श्रीवास्तव जी ने श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों से अपील की कि वे मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान धार्मिक मर्यादाओं का पूर्ण पालन करें तथा ऐसे किसी भी आचरण से बचें, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि श्री देव जागेश्वर नाथ जी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और आस्था का प्रमुख तीर्थ है। इसकी पवित्रता व गरिमा बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और आगंतुक का नैतिक दायित्व है।
