
जबलपुर । बरेला थाना अंतर्गत कोसमघाट में पेट्रोल पंप कर्मचारी से नगदी लूटने वाले तीन लुटेरे पुलिस गिरफ्त से दूर है। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई अहम क्लू हाथ नहीं लगे है जिसके सहारे लुटेरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस के मुताबिक गणेश प्रसाद गौंड़ 22 वर्ष निवासी बिलहरी का श्रीराम फ्यूल स्टेशन कोसमघाट हाईवे रोड़ में पेट्रोल डीजल डालने का काम करता है उसके साथ नरेन्द्र शुक्ला की डयूटी शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। 28 अक्टूबर की दरम्यानी रात रात लगभग 12-36 बजे 3 अज्ञात लडक़े बिना नम्बर की नीले रंग की एक्सिस से आये एवं 300 रूपये का पेट्रोल डलवाये एवं 500 रूपये का नोट दिया, उसने खुल्ले पैसे देने के लिये जेब से पेट्रोल पम्प के रखे हुये केश निकाले एवं 200 रूपये वापस किया तभी 2 लडक़ों ने उसके पेट पर चाकू रख दिये एवं तीसरे लडक़े ने पेट्रोल पम्प की मशीन के बाजू में लेटकर मोबाइल चला रहे नरेन्द्र शुक्ला को पिस्टल दिखाया एवं उन्हीं में से एक लडक़े ने उसके साथ में रखे 9 हजार 630 रूपये छीन लिये एवं तीनों बिना नम्बर की एक्सिस में बैठकर भाग गये।
