
भिंड। जिले के रावतपुरा धाम में आज सोमवार से ग्यारह दिवसीय महोत्सव शुरु हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी नववर्ष के उपलक्ष्य में रामकथा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रावतपुरा धाम के महंत रविशंकर महाराज ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह पूरा आयोजन महामना पं. मदनमोहन मालवीय को समर्पित किया गया है।
ग्यारह दिवसीय महोत्सव के तहत आज सोमवार से रामकथा का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध कथावाचक शांतनु महाराज 30 दिसंबर तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं को रामकथा का श्रवण कराएंगे। रामकथा के समापन के बाद 31 दिसंबर को एक दिवसीय श्रीरामार्चा महायज्ञ का आयोजन होगा। इसके अगले दिन एक जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें आसपास के क्षेत्रों सहित करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
*देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु*
महोत्सव में भाग लेने के लिए दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, रायपुर सहित देश के कई शहरों से श्रद्धालु रावतपुरा धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
