जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत करिया पाथर मरघटाई के पास शनिवार को तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक अधेड़ को घेरकर उन पर देशी कट्टा तान दिया। बदमाश पीडि़त से छीनाझपटी करते हुए उनकी स्कूटी लूटकर रफूचक्कर हो गए।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, समदडिय़ा ग्रीन सिटी माढ़ोताल निवासी धर्मपाल सिंह राजपूत (56), ऑटो चालक हैं, शनिवार को बीच करिया पाथर मरघटाई खारी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
जैसे ही वह मरघटाई के पास स्थित काली मंदिर के समीप पहुंचे, तभी सामने से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन लडक़ों ने उनका रास्ता रोककर उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। धर्मपाल कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक सवार एक लडक़े ने देशी कट्टा निकाला और उनकी कनपटी पर अड़ा दिया। इसके बाद बाकी लडक़ों ने पीडि़त के साथ छीनाझपटी शुरू कर दी और उनकी एक्सिस स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेडबी 2684 को जबरन स्टार्ट कर लूट ले गए।
