सतना :सिटी कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर अंडर ब्रिज के निकट स्कूटी सवार महिला का सामान और नकदी लूटे जाने की दुस्साहसिक घटना से आमजन के बीच सनसनी फैल गई थी. वहीं पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर नाबालिग समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिनके कब्जे से लूटा गया सामान और नकदी बरामद कर ली गई.सिटी कोतवाली प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार महादेवा पेट्रोल पंप के निकट की निवासी श्रीमती माधुरी सिंह द्वारा बुधवार को थाने में शिकायत की गई थी.
माधुरी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वे अपनी बहन के साथ धवारी महादेवा से बाजार की ओर खरीददारी करने के लिए आ रही थीं. जैसे ही उनकी स्कूटी प्रेमनगर मोड़ के आगे अंडर ब्रिज की ढलान पर पहुंची. वैसे ही मोटरसाइकिल सवार दो युवक अचानक वहां आ धमके. देखते ही देखते उनमें से एक ने उनका पर्स लूट लिया और दोनों वहां से भाग निकले.
उनकी पर्स में 1 सोने का मंगलसूत्र, 2 एंड्रायड फोन और कुछ नकदी रखी हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन ही पुलिस टीम गठित करते हुए आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरु की गई. जिसके जरिए आरोपियों की पहचान होते ही दबिश देते हुए उन्हें दबोच लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार कर ली. लिहाजा उनके कब्जे से 1 मंगलसूत्र, 1 मोबाइल फोन और 500 रु की नकदी बरामद कर ली गईं. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई
