जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत सुहागी सरस्वती कॉलोनी पन्नी मोहल्ला में सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़ होने के बाद अब मामले में एक आरक्षक की संदिग्ध भूमिका और संलिप्तता सामने आई । जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने अधारताल थाने में पदस्थ आरक्षक सतीश झरिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है साथ ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा टीआई विपिन ताम्रकार को भी नोटिस जारी किया गया और स्पष्टीकरण मांगा गया है । अब तक की जांच में यह बात भी सामने आई कि सेक्स रैकेट का यह धंधा मप्र नहीं बल्कि कई राज्यों में फैला हुआ था। यूपी-महाराष्ट्र से भी युवतियों, महिलाओं को बुलाया जाता था।
विदित हो कि सुहागी सरस्वती कॉलोनी पन्नी मोहल्ला में निमेष विनोदिया के मकान में बीते चार साल से देह व्यापार संचालित हो रहा था। पुलिस टीम ने 10 जुलाई को घेराबंदी कर दबिश दी थी। मौके से संचालिका मंजू निखर 41 वर्ष निवासी सुहागी सरस्वती कालोनी पन्नी मोहल्ला और उसके पति मुकेश निखर एवं पुत्र आरूष निखर को दबोचा गया था। ग्राहक अभय सिंह, सुबोध सिंह, संजय चौरसिया को भी पकड़ा गया था ।
ग्राहकों को मोबाइल पर फोटो भेजकर एक-एक हजार रूपए में सौदेबाजी हुई थी। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया था। कार्रवाई के दौरान एक पीडि़ता को भी आरोपियों के चंगुल से मुक्ति कराया गया था। मकान मालिक निमेष विनोदिया फरार हो गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने मकान मालिक निमेष विनोदिया निवासी सिविल लाइन को भी 12 जुलाई गिरफ्तार कर लिया था । सभी आरोपी जेल भेजे गए। आरोपी मकान मालिक पीडब्ल्यूडी सीनियर इंजीनियर ऑफिस में बाबू के पद पर पदस्थ था जिसके संरक्षण मेें देह व्यापार का कारोबार चल रहा था बल्कि इस कारोबार में उसकी हिस्सेदारी भी थी। जांच का दायरा बढ़ा तो अधारताल थाने में पदस्थ आरक्षक सतीश झारिया की भूमिका संदेह के दायरे में आई । जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने एक्शन लेते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा टीआई को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सप्लायर के करीब पुलिस, नए चेहरे होगे उजागर
इस सेक्स रैकेट मामले मामले में कई नए चेहरे भी उजागर होगे। अब की जांच में पुलिस को कुछ नए नाम मिले है जिसकी तफ्तीश चल रही है। बताया जाता है कि दूसरे राज्यों से युवतियों की जबलपुर में सप्लाई करने वाले सप्लायर तक भी पुलिस के हाथ पहुंच गए है जिसे भी जल्द ही पुलिस टीम गिरफ्तार कर सकती है। जिसके पकड़े जाने के बाद नए खुलासे होने की उम्मीद है।
इनका कहना है
आरक्षक को सस्पेंड किया गया है। थाना प्रभारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है नोटिस जारी किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
श्रीमति अनु बेनिवाल , एएसपी
