बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल–सारणी स्टेट हाईवे पर चिखलार गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा उस वक्त हुआ, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुकेश पिता गुलाब वरवड़े (30) और मुकेश पिता पतंग चौकीकर (32) के रूप में हुई है। वहीं तीसरा युवक रविकुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस की 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मुकेश चौकीकर कैटरिंग और मुकेश वरवड़े पेंटिंग का कार्य करते थे। दोनों किसी काम से चिखलार गए थे और रात में लौटते समय यह हादसा हो गया।
