सार्थक एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले 51 कर्मचारियों का वेतन कटा 

सीधी । स्वास्थ्य विभाग में समयबद्ध उपस्थिति, कार्य संस्कृति में अनुशासन तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने सार्थक एप में नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले 51 कर्मचारियों के वेतन कटौती की कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से दर्ज की जाती है, जिससे उनकी उपस्थिति एवं कार्यस्थल पर उपलब्धता की नियमित निगरानी की जाती है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि 51 कर्मचारियों द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सार्थक एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के वेतन में नियमानुसार कटौती की गई है।

डॉ. खरे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहना और डिजिटल उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों का पालन नहीं करने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर सार्थक एप में अपनी उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें। साथ ही अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएँ। विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा आगे भी जारी रहेगी तथा अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

Next Post

राशन घोटाला करने वाले प्रबंधक व विक्रेता को जेल

Thu Jul 16 , 2026
बड़वानी। गरीबों के हक के राशन में कथित गड़बड़ी करने वाले उचित मूल्य दुकान के प्रबंधक व विक्रेता को न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। बहुचर्चित राशन वितरण अनियमितता प्रकरण में न्यायालय ने पाया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न के वितरण एवं स्टॉक में […]

You May Like