फेसबुक और इंस्टा की सूचना पर पांच युवाओं को सुसाइड करने से बचाया

इंदौर. सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक और इंस्टाग्राम से प्राप्त आपातकालीन आत्महत्या अलर्ट पर राज्य सायबर सेल, इंदौर ने बीते सप्ताह तुरंत कार्रवाई करते हुए पाँच अलग-अलग जिलों में आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवाओं की जान बचाई. सायबर सेल की तकनीकी दक्षता और स्थानीय पुलिस के समन्वय से यह सराहनीय कार्य संभव हो सका.

मेटा द्वारा आत्मघाती प्रवृत्ति की पोस्ट सामने आने पर ये अलर्ट नोडल एजेंसी को भेजे गए थे, जिनमें खरगोन, रायसेन, शहडोल, सागर और मैहर जिले शामिल रहे. सभी मामलों में संबंधित जिला सायबर सेल और पुलिस कंट्रोल रूम से समन्वय कर उपयोगकर्ता की पहचान करते हुए समय पर हस्तक्षेप किया. पहली घटना 9 मई को सामने आई, जब एक युवक ने इंस्टाग्राम पर आज मेरा अंतिम दिन है… लिखते हुए नेनो यूरिया पीते हुए वीडियो साझा किया था, सायबर सेल इंदौर की टीम ने तकनीकी जानकारी जुटाकर खरगोन पुलिस की मदद से युवक को समय पर समझाइश दी, और उसकी जान बची. इसी तरह दूसरी और तीसरी घटनाएं 13 मई को रायसेन और शहडोल से जुड़ी थीं, वहां युवाओं ने टैबलेट खाते और कीटनाशक पीते हुए वीडियो अपलोड किए थे, दोनों ही मामलों में घरेलू विवाद सामने आए और पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में उनकी काउंसलिंग कर उनकी जान बचाई. चौथी घटना 16 मई को सागर जिले में घटित हुई, जहाँ एक युवक ने प्रेमिका से मनमुटाव के चलते शराब के नशे में फाँसी लगाने का वीडियो साझा किया था. सायबर टीम की तत्परता से युवक तक पहुँचकर उसके भी जीवन की रक्षा की. इसी तरह पाँचवीं घटना भी 16 मई को सामने आई, जहाँ मैहर निवासी एक स्कूली छात्र ने “आज आखिरी बार कोशिश करूंगा, शायद आज मर जाऊँ…” जैसी भावनात्मक पोस्ट साझा की. वह एकतरफा प्रेम में था, उसे भी समझाइश देकर परिजनों की निगरानी में रखा. इन सभी कार्रवाइयों में सायबर सेल इंदौर के सहायक उपनिरीक्षक राम बाजपेई, आरक्षक राकेश बामनिया, उपनिरीक्षक आशीष जैन सहित संबंधित जिलों की सायबर टीम और पुलिस कंट्रोल रूम की भूमिका सराहनीय रही. राज्य सायबर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए साई मनोहर के निर्देशानुसार, सोशल मीडिया से मिलने वाली आत्महत्या से जुड़ी सूचनाओं पर सभी इकाइयों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, वहीं जोनल पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को इन मामलों के लिए नोडल अधिकारी नामित किया है.

Next Post

बिना परमिट और सुरक्षा उपायों के चल रही बसों पर हुई कार्रवाई

Fri May 16 , 2025
रीवा। रीवा-सिरमौर मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान के अंतर्गत यात्री बसों के परमिट, बीमा तथा सुरक्षा मानकों की गहनता से जाँच की गई. जाँच के दौरान एक यात्री बस बिना वैध परमिट के संचालित पाई गई, जिसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई. साथ ही, छह अन्य […]

You May Like