सतना:पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के जनरल मैनेजर (जी.एम) दिलीप कुमार सिंह के सतना प्रवास के अवसर पर विन्ध्य चेम्बर अॉफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज, सतना के अध्यक्ष सतीश सुखेजा एवं महामंत्री मनोज कटारे ने माननीय सांसद महोदय, चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, चेम्बर के पूर्व महामंत्री संदीप कुमार जैन, चेम्बर के वरिष्ठ सदस्य रविन्द्र सिंह सेठी, कन्हैयालाल पोहानी के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।चेम्बर महामंत्री मनोज कटारे ने बताया कि सतना शहर एवं व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जनरल मैनेजर (जी.एम) का ध्यान आकर्षित कराया गया।
चेम्बर ने आग्रह किया कि सतना रेलवे स्टेशन के समीप स्थित माल गोदाम (गुड्स शेड) को शहर के बाहर कैमा में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए, जिससे स्टेशन क्षेत्र में यातायात का दबाव कम हो तथा शहरवासियों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कैमा स्थित माल गोदाम की साइट कसांसदएवं जी.एम साहब के साथ चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने स्थल निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया जी.एम ने 6 माह के अंदर माल गोदाम शिफ्ट करने का आश्वासन दिया है। कैमा स्टेशन से नई यात्री गाड़ियो के संचालन के रेल विभाग के निर्णय का स्वागत करते हुए चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने सुगम यातायात के लिए मुख्यारगंज से कैमा स्टेशन के पहुंच मार्ग को अतिक्रमण मुक्त और सड़क के चैड़ीकरण की मांग की।
चेम्बर ने यह भी मांग रखी कि वर्षो से लंबित इन्द्रा मार्केट एवं पालिका बाजार की दुकानों को 10 मीटर पीछे करने की अनुमति प्रदान की जाये, ताकि सड़क की चैड़ाई बढ़ सके और इस क्षेत्र में लगातार बनी रहने वाली यातायात की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।जनरल मैनेजर दिलीप कुमार सिंह ने चेम्बर द्वारा उठाए गए सुझावों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को इन विषयों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।विन्ध्य चेम्बर अॉफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मांगों के पूर्ण होने से सतना शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
