
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत चांदमारी पहाड़ी में शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर एक बदमाश ने विक्टोरिया अस्पताल के कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चांदमारी पहाड़ी निवासी 21 वर्षीय रूपेश नाहरे विक्टोरिया अस्पताल में कार्यरत है। बीती रात करीब 10:30 बजे रूपेश अपने घर के पास स्थित गोलू की दुकान से राजश्री खरीदकर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गली के हैंडपंप के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद इलाके के बदमाश निहाल सारवान ने उसका रास्ता रोक लिया।आरोपी निहाल सारवान ने रूपेश को रोककर शराब पीने के लिए 1,000 की मांग की। जब रूपेश ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा और अचानक जेब से धारदार चाकू निकाला और रूपेश पर हमला कर दिया। रूपेश ने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिससे चाकू सीधे उसके हाथ में जा लगा और वह लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग इकट्ठा होते, आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।
