
मदुरै | तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोट्टामपट्टी क्षेत्र के पास एक निजी ओमनी बस और तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (TNSTC) की सरकारी बस की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक निजी ओमनी बस चेन्नई से कन्याकुमारी जिले के मार्तंडम की ओर जा रही थी, जबकि सरकारी बस मदुरै से तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओमनी बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही सरकारी बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि निजी बस सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई, जबकि सरकारी बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
