नीरू ढांडा ने पूर्व विश्व चैंपियन को हराकर ट्रैप में जीता स्वर्ण पदक

लोनाटो (इटली) 12 जुलाई (वार्ता) भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने शनिवार को आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप 2026 में महिलाओं के ट्रैप इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का पदक खाता खोला। यह आईएसएसएफ विश्व कप में नीरू ढांडा का पहला व्यक्तिगत पदक था और उनके करियर का कुल मिलाकर दूसरा पदक था। इससे पहले इस साल अल्माटी लेग में नीरू ने विवान कुमार के साथ मिलकर मिक्स्ड ट्रैप में कांस्य पदक जीता था। दिलचस्प बात यह है कि इटली में नीरू की जीत से पहले इस साल शॉटगन इवेंट में भारत का यह एकमात्र आईएसएसएफ विश्व कप पदक था।

क्वालीफायर में 125 में से 121 प्वॉइंंट्स के साथ फाइनल में पहुंचने के बाद नीरू ने आठ महिला खिलाड़ियों के फाइनल में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। भारतीय शूटर ने बड़ी आसानी से शीर्ष तीन में जगह बनाई और पोडियम पर अपनी जगह पक्की कर ली, लेकिन गोल्ड मेडल जीतने के लिए उन्हें फ्रांस की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और ओलंपियन कैरोल कॉर्मेनियर से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा।

फाइनल राउंड में जब आखिरी दो शॉट बचे थे, तब नीरू और कॉर्मेनियर दोनों 25-25 प्वॉइंट्स पर बराबरी पर थीं। फ्रांसीसी खिलाड़ी से चूक हो गई, लेकिन नीरू ने संयम बनाए रखा और कड़े मुकाबले में जीत अपने नाम की।

पूर्व जूनियर वर्ल्ड चैंपियन इटली की एरिका सेसा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि पेरिस 2024 ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली सिल्वाना स्टैंको का पदक राउंड निराशाजनक रहा और वह फाइनल में सबसे पहले बाहर हो गईं।

भारत की मनीषा कीर क्वालिफिकेशन राउंड में 10वें स्थान पर रहने की वजह से बेहद मामूली अंतर से मेडल राउंड में जगह बनाने से चूक गईं। इससे पहले मेंस ट्रैप में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और कोई भी फाइनल में जगह नहीं बना सका। एशियन गेम्स के पदक विजेता काइनन चेनाई 71वें स्थान पर रहे, जबकि सिर्फ रैंकिंग प्वॉइंट्स के लिए खेल रहे पृथ्वीराज टोंडाइमन क्वालिफिकेशन में 32वें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहे।

 

Next Post

इंग्लैंड ने अतिरिक्त समय में नॉर्वे को हराकर विश्व कप के सेमीफाइनल में किया प्रवेश

Sun Jul 12 , 2026
मियामी गार्डन्स (अमेरिका), 12 जुलाई (वार्ता) अतिरिक्त समय में जूड बेलिंगहम के किये दूसरे गोल की बदौलत इंग्लैंड ने फीफा विश्वकप के क्वार्टरफाइनल में नॉर्वे को 2-1 से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। विश्वकप के इतिहास में यह चौथी बार है जब इंग्लैंड इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल […]

You May Like