महू: मानपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंबाड़ा के गड़बड़ी गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां बच्चों के बर्तनों में कुत्तों को खाना खाते हुए देखा गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीण रवि चौहान और सुभाष गिरवाल ने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका अक्सर अनुपस्थित रहती हैं. उनकी अनुपस्थिति के कारण बच्चों को जूठे और गंदे बर्तनों में खाना परोसा जाता है.
ग्रामीणों ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र में कुत्तों को बच्चों के बर्तनों को चाटते हुए देखा गया है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है. सोमवार को भी कार्यकर्ता केंद्र पर मौजूद नहीं थीं, जिसके बाद नाराज ग्रामीणों ने मौके पर वीडियो बनाकर इस लापरवाही को उजागर किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में परियोजना अधिकारी सुषमा भार्गव ने कहा कि अगर ऐसा हो रहा है तो यह गलत है. उन्होंने आश्वासन दिया कि वह तुरंत मौके पर सुपरवाइजर को भेजकर मामले की जांच कराएंगी.
