
जबलपुर। नगर निगम विद्यालय के बच्चों को एक बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक परिवेश प्रदान करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। आज हमारे निगम के बच्चे अपनी प्रतिभा के दम पर कॉन्वेंट स्कूलों के बच्चों को टक्कर दे रहे हैं। यह बातें महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू् ने हनुमानताल वार्ड के अंतर्गत नगर निगम गोविंदगंज स्कूल में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में रोड और नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कहीं। उन्होंने 87 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों का शुभारंभ किया ।
उन्होंने कहा कि महापौर गुरुकुल के माध्यम से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष और नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्रों को इंदौर की हवाई यात्रा कराई जाती है। प्रतिवर्ष बच्चों को मॉल में प्रेणात्मक फिल्में दिखाई जाती हैं और समर वैकेशन में नि:शुल्क खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए उनका सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोविंदगंज स्कूल में छात्राओं की बढ़ती संख्या और जगह की कमी को देखते हुए 4 नए आधुनिक कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है, जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएंगे।
बेटियां रचेगी इतिहास-अभिलाष
उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत प्राचीन और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। यहाँ से पढक़र निकलीं बेटियां आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहीं हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि नए कक्षों के निर्माण से वर्तमान छात्राओं को और बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे वे अपना भविष्य उज्ज्वल कर सकेंगी। वहीं, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने इस निर्माण कार्य को विद्यालय के भौतिक और ढांचागत विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। एम.आई.सी. सदस्य विवेकराम सोनकर और डॉ. सुभाष तिवारी ने भी शिक्षा व विकास के क्षेत्र में अपने विचार रखे। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कविता रैकवार ने वार्ड में विकास की गंगा बहाने के लिए महापौर, विधायक और निगमाध्यक्ष के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय ने शाला की प्रगति रिपोर्ट और छात्राओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का कुशल संचालन विजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिक रजनीकांत अग्रवाल, गोविंद रैकवार, संतोष लालवानी, राजेश ठाकुर, विजय यादव, राकेश अग्रवाल, आशा मिश्रा एवं नगर निगम विद्यालय के प्राचार्यगण राकेश जैन, दीप्ति शर्मा, रागनी गर्ग, कीर्ति परोहा आदि के साथ विद्यालय के शिक्षकगण ज्योति अग्रवाल, श्वेता जैन, मिनाक्षी रावत, दीपा पाण्डेय, श्रद्धा हजारी, स्वाती सराबगी आदि उपस्थित रहे।
