
टीकमगढ़। विश्व आदिवासी दिवस के दूसरे दिन रविवार को आदिवासियों ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। आदिवासी समाज के लोग नजरबाग से लेकर कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। आदिवासी नेताओं ने रैली के माध्यम से जिला प्रशासन से प्रमुख रूप से रेलवे स्टेशन तिराहे पर स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा उनके भगवान हैं और उनकी प्रतिमा लगने से पूरे आदिवासी समाज को सम्मान मिलेगा। आदिवासी नेता मुन्ना लाल आदिवासी ने कहा कि वे कई साल से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि 2006 से वन भूमि पर काबिज आदिवासियों को तुरंत वन पट्टे दिए जाएं। इसके अलावा उन्होंने उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जो स्टांप पेपर पर आदिवासियों की जमीन खरीद कर धोखा दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसी जमीनों को वापस आदिवासियों को दिलाया जाए।
