
सिंगरौली । चितरंगी क्षेत्र के सोन घड़ियाल अभयारण्य अंतर्गत पनवार गांव में आज मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सोन नदी से निकलकर एक मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने अपने घरों के पास मगरमच्छ को विचरण करते देखा। अचानक मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उसके पास जाने के बजाय तत्काल सोन घड़ियाल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सोन घड़ियाल अभयारण्य की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के बीच मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने काफी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, लेकिन वन अमले ने सभी को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित वाहन के माध्यम से चितावल पुल के समीप सोन नदी के उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में विचरण कर सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने और नदी के प्रवाह में बदलाव के कारण मगरमच्छ कभी-कभी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराएं नहीं और न ही उन्हें छेड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या सोन घड़ियाल रेस्क्यू टीम को सूचना दें, जिससे समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। रेस्क्यू के दौरान रेंजर चतुर सिंह, शुभम सिंह, लक्ष्मण सहित अन्य मौजूद रहे।
