बीएलएस ई-सर्विसेज ने अतियाती टेक्नोलॉजीज को 157 करोड़ में खरीदा

नयी दिल्ली, 03 जुलाई (वार्ता) तकनीक आधारित डिजिटल सेवाएं देने वाली कंपनी बीएलएस ई-सर्विसेज ने बेंगलुरु की एआई आधारित बैंकिंग टेक्नोलॉजी कंपनी अतियाती टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड की शत-प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इस अधिग्रहण के लिए कंपनी ने 157 करोड़ रुपये का नकद भुगतान किया है। अतियाती टेक्नोलॉजीज बैंकों और वित्तीय संस्थानों को एआई आधारित डिजिटल बैंकिंग समाधान, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट सेवाएं, माइक्रो-लोन प्लेटफॉर्म और गांव-गांव तक बैंकिंग पहुंचाने वाली सेवाएं उपलब्ध कराती है।

कंपनी 35 से अधिक बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ काम करती है। इसके पास 25,900 से अधिक कस्टमर सर्विस प्वाइंट (सीएसपी) हैं, जो देश के लगभग एक लाख गांवों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाते हैं।
बीएलएस ई-सर्विसेज ने कहा है कि इस अधिग्रहण के बाद उसकी बैंकिंग तकनीक और मजबूत होगी। उसका सीएसपी नेटवर्क बढ़ेगा और वह एआई आधारित बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं देशभर में अधिक लोगों तक पहुंचा सकेगी।

बीएलएस ई-सर्विसेज के चेयरमैन शिखर अग्रवाल ने कहा, “अतियाती का अधिग्रहण पूरा होना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। अतियाती की एआई आधारित बैंकिंग तकनीक और हमारी अंतिम छोर तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की क्षमता एक-दूसरे को मजबूती प्रदान करेंगी। इससे हम अधिक लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचा पाएंगे।” बीएलएस ई-सर्विसेज़, बीएलएस इंटरनेशनल की सहायक कंपनी है। वह बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट, ऋण वितरण, ई-सेवाएं और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी अपने डिजिटल और भौतिक नेटवर्क के जरिये शहरों, कस्बों और गांवों में लोगों को बैंकिंग, सरकारी योजनाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराती है।

.....

Next Post

सिहोरा तालाब के पास शव मिलने से सनसनी, आकस्मिक मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग

Fri Jul 3 , 2026
लखनादौन/सिहोरा, लखनादौन विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिहोरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब श्री लखन लाल गोल्हानी जीके सुपुत्र स्वर्गीय मोहनलाल गोल्हानीकी मृत्यु हो गई गौशाला के नजदीक स्थित तालाब में शव बरामद हुआ। इस आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही सिहोरा सहित आसपास के पूरे […]

You May Like