इंदौर :खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम बावल्याखुर्द में बिना सक्षम अनुमति के अवैध कॉलोनी निर्माण करने और भूखंड बेचने के मामले में पुलिस व प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय भूमि एवं राजस्व नियमों की अनदेखी कर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण की जांच प्रमाणित पाए जाने पर 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, राजस्व निरीक्षक कैलाश चौधरी की रिपोर्ट पर आरोपी अशोक पिता रामरतन मंडलोई, सोहनलाल पिता भागीरथ चौधरी, मूसाखेड़ी के खाती मोहल्ला निवासी हरिओम पिता नरेंद्र चौधरी, बावल्याखुर्द निवासी मनोज व शेखर पिता लक्ष्मीनारायण और मालवा मिल अनाज मंडी न्यू देवास रोड निवासी रुक्मणी पति कैलाशचंद्र मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि ग्राम बावल्याखुर्द (तहसील खुड़ैल) स्थित सर्वे क्रमांक 9/3/1/1 की 0.285 हेक्टेयर भूमि पर आरोपियों ने बिना किसी वैध अनुमति व मास्टर प्लान के अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं, आरोपियों ने लोगों को झांसा देकर उक्त जमीन पर धड़ल्ले से प्लॉटों की खरीद-फरोख्त भी की। मामला उजागर होने पर प्रशासन द्वारा प्रकरण का परीक्षण कराया गया, जिसमें अवैध प्लाटिंग की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने राजस्व विभाग के प्रतिवेदन के आधार पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है
