नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर को गोपनीय रक्षा दस्तावेज लीक करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने हनीट्रैप में फंसाकर संवेदनशील सैन्य जानकारियां हासिल की हैं।
संदिग्ध ऐप और जासूसी का शक
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अधिकारी ने अपने एक सहकर्मी के फोन में संदिग्ध ऐप इंस्टॉल किया था, जो स्पाइवेयर की तरह काम करता था। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस पूरे जासूसी नेटवर्क के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हो सकते हैं।
ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्पेशल सेल अब यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी ने कुल कितनी गोपनीय जानकारियां साझा की हैं और इस रैकेट में कौन-कौन शामिल है।

