बेंगलुरु, (वार्ता) बेंगलुरु के 60 से अधिक उभरते टेनिस खिलाड़ियों को शनिवार को 2025 दाफान्यूज बेंगलुरु ओपन के मौके पर केएसएलटीए टेनिस स्टेडियम में आयोजित टेनिस क्लिनिक में पेशेवरों से सीखने का अनूठा अवसर मिला।
38वें राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेता निकी कालियांदा पूनाचा और एसडी प्रज्वल देव के साथ-साथ वर्तमान संस्करण के युगल फाइनलिस्ट ब्लेक बेयल्डन और मैथ्यू क्रिस्टोफर रोमियोस ने युवा खिलाड़ियों को टिप्स प्रदान की।
क्लिनिक में एक प्रश्नोत्तर सत्र, लाइव ट्रेनिंग और व्यावहारिक कोचिंग की सुविधा थी, जिससे युवा एथलीटों को अनुभवी पेशेवरों के साथ जुड़ने का मौका मिला। प्रतिभागियों को फिटनेस, पोषण, प्रशिक्षण दिनचर्या और मैच की तैयारी पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, साथ ही उन्होंने वॉली और बेसलाइन शॉट्स में अपने कौशल का प्रदर्शन भी किया।
भारत में टेनिस के बढ़ते कद पर पूनाचा ने अपना उत्साह व्यक्त किया और कहा “ राष्ट्रीय खेलों में कर्नाटक के लिए प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना वास्तव में अच्छा था। मैंने देखा है कि युवा खिलाड़ियों का स्तर ऊंचा हो रहा है। वे बेहतर तैयार हैं। उसके कुछ दिनों बाद, यहां इतने सारे बच्चों को सीखने के लिए उत्सुक, सुधार करने के लिए उत्सुक देखना एक अच्छा संकेत है। यह हमें भविष्य के लिए एक मजबूत मंच देता है।”
टूर्नामेंट निदेशक सुनील यजमन ने खेल को बढ़ावा देने में इस तरह की पहल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “ युवा खिलाड़ियों के बीच उत्साह देखना अद्भुत है। इस तरह के आयोजन बच्चों में टेनिस के प्रति उत्साह दिखाते हैं और भारत में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं। इस तरह की ऊर्जा और प्रतिभा के साथ, भारतीय टेनिस का भविष्य बहुत उज्ज्वल दिखता है। हमें उम्मीद है कि कुछ वर्षों में हम आज के क्लिनिक के कुछ बच्चों को बेंगलुरु ओपन में देखेंगे।”
कर्नाटक राज्य लॉन टेनिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित, दफ़ान्यूज़ बेंगलुरु ओपन, एक एटीपी चैलेंजर 125 इवेंट, 24 फरवरी को शुरू हुआ और दो मार्च को एकल फाइनल के साथ समाप्त होगा।
