खामेनेई पर सोनिया गांधी के बयान पर कर्नाटक भाजपा का पलटवार

बेंगलुरु, 03 मार्च (वार्ता) कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली हुसैनी खामेनेई की मौत पर केंद्र के रुख पर सवाल उठाये जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

नयी दिल्ली में जारी बयान में श्रीमती सोनिया गांधी ने केंद्र की चुप्पी को ‘बेहद निराशाजनक’ बताया है। उन्होंने कहा है कि ईरान से भारत के पुराने सभ्यतागत संबंधों के मद्देनजर भारत को संप्रभुता, गैर-हस्तक्षेप और संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के अपने पारंपरिक विदेश नीति मूल्यों के अनुरूप सैद्धांतिक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय स्थिरता तथा वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर उनके संभावित प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त की।श्रीमती सोनिया गांधी की आलोचना को भाजपा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सीटी रवि ने खारिज करते हुए भारत की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के लिए इस मुद्दे की प्रासंगिकता पर सवाल उठाया। श्री रवि ने पूछा, “खामेनेई कौन हैं? देश के साथ उनका क्या रिश्ता है? क्या वे हमारे देशवासी हैं?”

उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की विदेश नीति पूरी तरह से राष्ट्रीय हित से निर्देशित होनी चाहिए।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि देश के भीतर कुछ तत्व संवैधानिक मूल्यों के विपरीत बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने कैमरों के सामने खुलेआम कहा है कि हम संविधान का पालन नहीं करेंगे। हम शरिया का पालन करेंगे। हम शरिया के अनुसार काम करेंगे। यह खतरनाक है। ऐसे बयान हमारे संविधान की भावना के खिलाफ हैं।”

भाजपा ने हालांकि केंद्र के नपे-तुले दृष्टिकोण का बचाव किया है। पार्टी ने कहा है कि भारत की स्थिति पर करीबी नजर रख है और संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा उन्हें निकालने की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। भाजपा नेताओं ने विपक्षी दल कांग्रेस पर संवेदनशील विदेश नीति के मुद्दे का राजनीतिकरण करने के प्रयास का भी आरोप लगाया है।

 

 

 

 

Next Post

देश में मंगलवार को रहा पूर्ण चंद्र ग्रहण

Tue Mar 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 मार्च (वार्ता) देश में मंगलवार दोपहर तीन बजकर 20 मिनट से लेकर 18:48 बजे तक चंद्र ग्रहण रहा। इस चंद्र ग्रहण के दौरान जहाँ गुवाहाटी से लेकर दिल्ली तक लोगों ने रक्त चंद्र (ब्लड मून) का दर्शन करने के लिए टेलिस्कोप का सहारा लिया, वहीं इस दौरान […]

You May Like