
नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर डॉक्टरों तथा समूचे स्वास्थ्यकर्मी समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, करुणा और सेवा भावना की सराहना की है। श्री खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में बुधवार को कहा कि बचायी गयी हर जिंदगी पर डॉक्टरों की करुणा, कौशल और अटूट कर्तव्यनिष्ठा की छाप होती है। उन्होंने डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सभी अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा देश को स्वस्थ और सशक्त बनाये रखती है।
उन्होंने इस अवसर पर बिधान चंद्र रॉय को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। श्री खरगे ने कहा कि प्रख्यात चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और दूरदर्शी राजनेता के रूप में उनकी विरासत आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है।
