
शाजापुर, जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक धारदार बनाने तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए पार्टी आलाकमान ने एक बड़ा संगठनात्मक दांव खेला है. शाजापुर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरदार मूसा आजम खान का सियासी कद बढ़ाते हुए, उन्हें मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नगरीय निकाय प्रकोष्ठ में प्रदेश महासचिव के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया.
राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को शाजापुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निशंक जैन द्वारा इस संबंध में नियुक्ति पत्र जारी किया गया है. यह अहम फैसला सीधे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशों पर लिया गया है, जिसमें संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले और प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान की पूर्ण सहमति शामिल है. पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि उन्हें खान से यह पूरी उम्मीद है कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी की नीतियों और विजन को पूरे प्रदेश में मजबूती से लागू करेंगे.
समर्थकों ने की जमकर आतिशबाजी…
इधर, जैसे ही मूसा आजम खान को प्रदेश महासचिव बनाए जाने की खबर शाजापुर पहुंची. उनके समर्थकों और स्थानीय कांग्रेसजनों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने इस खबर का स्वागत ढोल-नगाड़ों की थाप और आसमान छूती आतिशबाजी के साथ किया. शहर में जगह-जगह जश्न का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर बधाइयां दीं. जश्न मना रहे कार्यकर्ताओं का मानना है कि खान को मिली इस प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी से न सिर्फ शाजापुर का मान बढ़ा है, बल्कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश के नगरीय निकायों में कांग्रेस संगठन को इसका सीधा फायदा भी मिलेगा.
