भोपाल: हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 और गुड़ी पड़वा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और दिनचर्या की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रदेशवासियों से इसे जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है, इसलिए जल संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी और संस्कार दोनों है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में प्रदेशवासियों के सहयोग से जल गंगा संवर्धन अभियान राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त जन-आंदोलन के रूप में स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी इसी संकल्प और ऊर्जा के साथ अभियान को आगे बढ़ाते हुए जल संरक्षण के प्रयासों को नई गति दी जाएगी।
