संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान मिशन ने पाकिस्तानी हवाई हमलों की निंदा की, तत्काल रोक लगाने की मांग

न्यूयॉर्क, 30 जून (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान के स्थायी मिशन ने पाकिस्तान द्वारा पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में किये गये हवाई हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं। मिशन ने सीमा पार सैन्य कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की है। मिशन ने कहा कि पाकिस्तान को अफगान क्षेत्र में सभी सैन्य हमले तत्काल बंद करने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन के लिए उसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिये। मिशन के अनुसार ये हमले अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हैं और संयुक्त राष्ट्र चार्टर की भावना के अनुरूप नहीं हैं।

यह बयान तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 28 जून की रात पाकिस्तान द्वारा किये गये हवाई हमलों में 36 नागरिक मारे गए, 163 अन्य घायल हुए तथा तीन रिहायशी मकान भी नष्ट हो गये। मिशन ने कहा, “कोई भी सुरक्षा संबंधी चिंता ऐसी सैन्य कार्रवाई को उचित नहीं ठहरा सकती, जिससे नागरिक हताहत हों या किसी दूसरे देश की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन हो।” उसने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मिशन ने कहा कि दशकों के संघर्ष से प्रभावित अफगानिस्तान की जनता को तालिबान प्रशासन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की कीमत नहीं चुकानी चाहिये।

मिशन ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से घटनाक्रम पर करीबी नजर रखने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन सुनिश्चित करने तथा अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान कराने के लिए प्रयास तेज करने का आग्रह किया। साथ ही उसने स्थिति को और अधिक गंभीर होने से रोकने की आवश्यकता पर बल दिया। इस बीच ‘डिस्प्लेस्ड इंटरनेशनल’ नामक संगठन ने भी पाकिस्तान से अफगानिस्तान में हवाई हमले और अन्य सैन्य कार्रवाई बंद करने की अपील की है। संगठन ने कहा कि इससे नागरिकों की और अधिक जानें जा सकती हैं तथा क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ सकती है।

उसने अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सिद्धांतों, विशेषकर भेदभाव, अनुपातिकता और जवाबदेही का पालन करने की मांग की। उधर, नार्वे शरणार्थी परिषद (एनआरसी) के महासचिव जान एगेलैंड ने पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान और तालिबान से मतभेदों का समाधान बातचीत के माध्यम से करने का आग्रह किया। एगेलैंड ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “नागरिकों और नागरिक ढांचे को कभी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिये। हम पाकिस्तान और अफगानिस्तान, दोनों पक्षों के सैन्य बलों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने तथा अपने विवादों का समाधान वार्ता के जरिए करने का आग्रह करते हैं।”

.....

Next Post

राम मंदिर दान विवाद, कपट करने वालों को मिलेगा महादंड: धीरेंद्र शास्त्री 

Tue Jun 30 , 2026
भोपाल। अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान विवाद पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भोपाल में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक मंदिर का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। उनका कहना था कि […]

You May Like