इंदौर: शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई गैस एजेंसियों पर ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उपभोक्ताओं में पैनिक की स्थिति बन गई है. जहां 25 दिन बाद ऑनलाइन बुकिंग ही होना है. ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है.
ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के कारण बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंचकर अपनी खाली टंकियां लेकर सिलेंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं. इसके चलते शहर की कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं. स्थिति यह है कि लोग अपने कामकाज और ऑफिस जाने के बजाय दो से तीन घंटे तक लाइन में खड़े होकर गैस सिलेंडर लेने का इंतजार कर रहे हैं. शहर के बाणगंगा रामबाग क्षेत्र सहित कई इलाकों की गैस एजेंसियों पर यही हालात देखने को मिल रहे हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरन एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
आपूर्ति के लिए आश्यक कदम उठा रहे
इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है. खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गैस एजेंसियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अनियमितताओं की शिकायतों पर छापेमारी भी की जा रही है. वहीं इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह का पैनिक न करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
