लक्ष्य तय करो, समय का सदुपयोग करो और आगे बढ़ो

आलीराजपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजंदा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ अपने करियर और भविष्य को लेकर अभी से स्पष्ट दिशा तय करनी चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और लक्ष्य के अनुरूप करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। शिक्षा के साथ विभिन्न स्किल्स और रोजगारपरक कौशल सीखकर युवा स्वयं को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता के सपनों को समझने, पढ़ाई पर ध्यान देने और परिवार के कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।

दिनचर्या में पढ़ाई, काम और आराम का समय तय करें

सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने युवाओं से कहा कि वर्तमान पीढ़ी में संवाद की कमी के कारण कई बार युवा अपने मन की बात परिवार के लोगों से साझा नहीं कर पाते। उन्होंने युवाओं को एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना रखते हुए खुलकर संवाद करने की सीख दी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अभी से अपने भविष्य के बारे में सोचें और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य के अनुरूप दिनचर्या बनाकर पढ़ाई, कार्य, आराम एवं अन्य गतिविधियों के लिए समय तय करें। मेहनत और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास करने की बात कही।

पहले शिक्षा और आत्मनिर्भरता, फिर विवाह

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने युवाओं को कम उम्र में विवाह से बचने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पर्याप्त समय जरूरी है। युवाओं को पहले अपनी शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर बनने और भविष्य मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

रील में नहीं, ज्ञान और शिक्षा में लगाएं मोबाइल

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने मोबाइल के बढ़ते उपयोग को लेकर युवाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रील और अनावश्यक वीडियो देखने में अधिक समय खर्च करने से बचें तथा मोबाइल का उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन और उपयोगी जानकारी प्राप्त करने के लिए करें। उन्होंने नशे से दूर रहने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के साथ हेलमेट के अनिवार्य उपयोग की समझाइश दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं में क्षमता और कौशल हो तो वे नौकरी के साथ स्वयं का व्यवसाय भी स्थापित कर सकते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विकास कार्यों का भी लिया जायजा

युवा संवाद के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती माथुर ने चिकलकुई स्थित आलीराजपुर उद्वहन सिंचाई परियोजना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानपुर एवं आंगनवाड़ी केंद्र अजंदा का निरीक्षण किया। वहीं अजंदा के पटेल फलिया में 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया गया। ककराना में आयोजित स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यशाला में 33 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

Next Post

ओंकारेश्वर में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा

Fri Sep 18 , 2026
ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में आज धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अखिल भारतीय दसोरा नागर समाज ट्रस्ट द्वारा 18 से 26 सितंबर तक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर समाजजनों और महिला मंडल द्वारा पुराने […]

You May Like