भोपाल। अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान विवाद पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भोपाल में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक मंदिर का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। उनका कहना था कि भगवान राम के धाम में इस तरह का कृत्य करने वालों को महादंड मिलेगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मामले की जांच चल रही है, इसलिए जांच एजेंसियों को निष्पक्ष तरीके से अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि देश में ऐसी ताकतें सक्रिय हैं जो मंदिरों और संतों को विवादों में घेरने की कोशिश कर रही हैं। उनका मानना है कि मंदिरों का संचालन और सेवा ऐसे लोगों के हाथों में होनी चाहिए जो सनातन परंपरा और धार्मिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित हों।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारत के मुसलमानों के संदर्भ में इंडोनेशिया का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वहां नमाज पढ़ने वाले लोग दीपावली भी मनाते हैं और रामकथा में भी शामिल होते हैं। उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द, सम्मान और सांस्कृतिक समरसता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
भोपाल दौरे के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हबीबगंज स्थित कैंसर हीलर सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए समय पर जांच और सही इलाज को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका बताया।
