
सोयतकलां। सुसनेर न्यायालय के आदेश के बाद सोमवार सुबह 10 बजे लाखाबीर बालाजी मंदिर गेट के सामने किसानों ने सोयत-माचलपुर मार्ग बंद कर दिया. किसानों का आरोप है कि उनकी निजी भूमि पर बिना अधिग्रहण किए और मुआवजा दिए बिना सडक़ का निर्माण कर उसका उपयोग किया जा रहा था.
किसानों ने सडक़ पर तार की जाली लगाकर कालीसिंध नदी तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन10 बजे से 3 बजे तक रोक दिया. जिसके कारण राहगीरों, वाहन चालकों को अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा. किसानों ने इसी मुद्दे पर न्यायालय में याचिका दायर की थी. मामले में न्यायालय ने 29 जनवरी को आदेश पारित किया था. इसमें कहा गया था कि अंतिम निर्णय आने तक वादी पक्ष की भूमि से वाहनों को नहीं निकलने दिया जाए और वादी पक्ष को परेशान न किया जाए. इस आदेश के बाद किसानों ने प्रशासन को पूर्व सूचना देकर मार्ग बंद किया. सूचना मिलते ही एसडीओपी देवनारायण यादव, सुसनेर थाना प्रभारी केसर राजपूत, सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा और नायब तहसीलदार राजेश श्रीमाल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया. रास्ता बंद होने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव के आश्वासन के बाद किसानों ने करीब 3 बजे चक्काजाम खोला.
