सतना: युवकों के बीच आपसी विवाद के चलते पहले भी दो बार झगड़ा-मारपीट की घटना सामने आ चुकी थी. लेकिन तीसरी बार हुए विवाद ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया जब एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया. घायल का उपचार जारी है व पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धवारी इलाके का निवासी गंधर्व सिंह 26 वर्ष नामक युवक गुरुवार को अपनी मोटरसाइकिल से मैहर बाईपास पर स्थित नवीन बस स्टैण्ड की ओर जा रहा था.
बताया गया कि जैसे ही गंधर्व रीवा रोड पर गहरा नाला के निकट पहुंचा वैसे ही धवारी मोहल्ले के निवासी दो युवक प्रयांश सिंह बघेल और कृष्णकांत गौतम ने गंधर्व को रोक लिया. देखते ही देखते दोनों ने मिलकर गंधर्व पर चाकू से हमला कर दिया. सरेराह चाकूबाजी की घटना होती देख आस पास मौजूद लोग और राहगीर सहम गए. इस दौरान किसी की भी बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई. वहीं चाकू से जानलेवा हमला कर लहुलुहान हालत में छोडक़र दोनों वहां से भाग निकले.
जिसे देखते हुए राहगीरों द्वारा डायल 100 को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची कोलगवां थाना पुलिस द्वारा घायल गंधर्व को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर जारी उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि गंधर्व की पीठ पर चाकू के 8 वार हैं. जिसे देखते हुए उसके स्वास्थ्य की विशेष निगरानी की जा रही है. वहीं पुलिस द्वारा गंधर्व के बयान लेने के बाद आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी गई. पुलिस के अनुसार घायल युवक और चाकू से हमला करने वाले युवक एक ही क्षेत्र के निवासी हैं. उनके बीच इससे पहले भी 2 बार झगड़ा-मारपीट हो चुकी है.
