दतिया: पुलिस सेवा में हर परिस्थिति में कर्तव्य निभाना सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। ऐसे में जब एक महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ मातृत्व की जिम्मेदारियों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन करती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाती है।दतिया की ट्रैफिक प्रभारी श्रीमती सपना शर्मा इसका जीवंत उदाहरण हैं। वे न केवल शहर की यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बल्कि अपने बच्चे की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा के साथ निभा रही हैं।
गोविंदजी मंदिर में निर्जला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। रात के समय ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाते हुए सपना शर्मा अपने बच्चे की देखभाल भी करती नजर आईं। वर्दी के फर्ज और माँ की ममता के इस अद्भुत संगम को देखकर आसपास मौजूद लोग उनकी सराहना करते नहीं थक रहे थे।
पुलिस विभाग में कार्यरत ऐसी महिलाएं यह साबित करती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उनकी मेहनत, त्याग और समर्पण महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देते हैं।
