
बड़वानी।मध्य प्रदेश की बड़वानी पुलिस को अंतरराज्यीय चोरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। थाना वरला पुलिस ने दिल्ली में हुई एक हाईप्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 12.5 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये है।
मामला दिल्ली के थाना लक्ष्मी नगर क्षेत्र का है, जहां 18 जून को भारी मात्रा में सोने के आभूषणों की चोरी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर शाह फैसल टीम के साथ वरला पहुंचे। बड़वानी एसपी पद्मविलोचन शुक्ल और एएसपी धीरज बब्बर के निर्देशन में वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने विशेष टीम गठित की। 25 जून को ग्राम उमर्टी में घेराबंदी कर 3 मुख्य आरोपियों सुलेन्द्रसिंह उमर्टी, अकालसिंह पलसूद व प्रकाशसिंह ओझर को धर दबोचा ।
दिल्ली पुलिस ने जताया आभार
वरला पुलिस ने आरोपियों से शतप्रतिशत मशरुका बरामद कर उन्हें दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई और सफलता पर दिल्ली पुलिस ने बड़वानी एसपी एवं स्थानीय पुलिस टीम उनि छन्नुलाल चौहान, सउनि महेन्द्रसिंह चौहान, आरक्षक विपेशद्ध का विशेष आभार व्यक्त किया है।
