मुंबई | बॉलीवुड के दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान को मंगलवार सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉ. जलील पारकर ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें सुबह 8:30 बजे आपातकालीन विभाग में लाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में शिफ्ट कर दिया गया। खबर मिलते ही सलमान खान, अरबाज खान, हेलेन और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। सलमान खान को अपने पिता से मिलने के बाद अस्पताल से बाहर निकलते हुए देखा गया।
सलीम खान की देखभाल के लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम तैनात की गई है। इस टीम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन और न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे जैसे बड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। डॉ. जलील पारकर के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन उनके क्लिनिकल स्टेटस पर कड़ी नजर रखी जा रही है। परिवार की गोपनीयता का सम्मान करते हुए फिलहाल बीमारी की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, जिससे प्रशंसकों के बीच चिंता का माहौल है।
अस्पताल प्रशासन ने सूचित किया है कि सलीम खान के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक अपडेट आज यानी 18 फरवरी को सुबह 11:00 बजे जारी किया जाएगा। परिवार के सदस्यों की सहमति के बाद प्रेस बुलेटिन के जरिए उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। 89 वर्षीय सलीम खान के लिए बॉलीवुड और उनके प्रशंसकों की ओर से सोशल मीडिया पर दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया है। पूरा खान परिवार अस्पताल में मौजूद है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आगे का फैसला लिया जाएगा।

