रायपुर, 17 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस सांसद व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में हज़ारों वन अधिकार पत्र अचानक रिकॉर्ड से गायब होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बहुजनों के दमन के लिए नया हथियार लेकर आई है – ‘कागज़ मिटाओ, अधिकार चुराओ।’
श्री गांधी ने सोशल मीडिया साईट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा कभी वोटर लिस्ट से दलितों और पिछड़ों के नाम काट देती है तो कभी आदिवासियों के वन अधिकार पत्रों को गायब करवा देती है। बस्तर में 2,788 और राजनांदगांव में आधे से ज्यादा रिकॉर्ड अचानक लापता हो जाना इसकी बड़ी मिसाल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों के जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए वन अधिकार अधिनियम बनाया था, लेकिन भाजपा अब इसे कमजोर कर आदिवासियों का पहला हक़ छीन रही है। उन्होंने कहा,“हम ऐसा नहीं होने देंगे। आदिवासी इस देश के पहले मालिक हैं और हम हर हाल में उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे।”
गौरतलब है कि मीडिया में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक बस्तर जिले में 2,788 व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र और राजनांदगांव जिले में सामुदायिक वन संसाधन शीर्षकों का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा रिकॉर्ड से गायब हो गया है। अधिकारियों ने इसे ‘रिपोर्टिंग एरर’ बताया है।
