मॉरिशस के प्रधानमंत्री आठ दिन की यात्रा पर मंगलवार को भारत आयेंगे, मोदी के साथ करेंगे बैठक

नयी दिल्ली 05 सितम्बर (वार्ता) मॉरिशस के प्रधानमंत्री डा.नवीन चन्द्र राम गुलाम मंगलवार को भारत की आठ दिन की राजकीय यात्रा पर आयेंगे और इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चर्चा करेंगे।

डा.रामगुलाम का 9 से 16 सितम्बर तक की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलने का कार्यक्रम है

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मौजूदा कार्यकाल में डा. राम गुलाम की यह पहली विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा कि मॉरिशस के प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान दिल्ली के अलावा मुंबई , वाराणसी , तिरूपति और अयोध्या भी जायेंगे। मुंबई में वह एक बिजनेस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री रामगुलाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ मुलाकात के अलावा प्रधानमंत्री मोदी के साथ रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए के बारे में चर्चा करेंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री रामगुलाम वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए भी भारत आये थे। वह शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित एकमात्र गैर-सार्क नेता थे।

भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक,सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क पर आधारित एक घनिष्ठ और विशेष संबंध है। हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के प्रमुख समुद्री पड़ोसी के रूप में मॉरीशस भारत के विज़न महासागर (क्षेत्र भर में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) और ‘पड़ोसी पहले नीति’ में एक विशेष स्थान रखता है और वैश्विक दक्षिण में एक प्रमुख भागीदार है।

मार्च 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की मॉरीशस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री रामगुलाम की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत और स्थायी संबंधों को और मजबूत करेगी।

Next Post

यमुना में बाढ़ का पानी लगातार कम हो रहा: रेखा गुप्ता

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली 05 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यमुना में बाढ़ का पानी लगातार कम हो रहा है और संभव है कि हालात जल्द सामान्य हो जायें। श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहां कहा कि उनकी सरकार बाढ़ की स्थिति पर पूरी नजर […]

You May Like